रोहतक: हरियाणा की सुनारिया जेल में कारावास की सजा काट रहा डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह (Gurmeet Ram Rahim Singh) 40 दिनों की पैरोल पर अब बाहर आ गया है। रोहतक स्थित सुनारिया जेल से पैरोल पर बाहर आने के बाद गुरमीत राम रहीम ने हरियाणा के आदमपुर में होने जा रहे विधानसभा उपचुनाव और पंचायत चुनावों से पहले इशारों-इशारों में अपने श्रद्धालुओं के लिए एक चुनावी संदेश जारी किया है।

अपने अनुयायियों के नाम संदेश में राम रहीम ने कहा, ‘हम आश्रम में पहुंच चुके हैं। मालिक सबको खुशियां दें। पहले की तरह जैसे आपको बोला था, मानते रहना। मनमर्जियां नहीं करनी। जिम्मेदार लोगों की बात माननी है। हमें अपने बच्चों पर बहुत गर्व है। परम पिता परमात्मा आपको बहुत खुशियां दें। हमें पता है कि आपने हमारी बात माननी है। थोड़ी देर पहले ही पहुंचे हैं। वो समुद्र आपको याद ही होंगे। समुद्र ज्यादा बढ़कर आए हैं। ये तेरावास यूपी का। इसे आप देख ही रहे हैं। पता आपको चल ही गया। आपसे बातें करते रहेंगे। थोड़े बच्चों, जवानों और बुजुर्गों को आशीर्वाद। एक बार बच्चे ने पूछ लिया कि गुरुजी मैं भी आपको पिता जी कहता हूं और मेरे पापा और दादा भी पिता जी कहते हैं। ये चक्कर क्या है। मैंने कहा कि संत जो होते हैं, उनके लिए भगवान की औलाद उनकी औलाद होती है। मालिक सबको आशीर्वाद है।’
दरअसल, राम रहीम का जेल से बाहर आना और अपने अनुयायियों को संदेश देना, सियासी लिहाज से इसलिए भी अहम है, क्योंकि आदमपुर विधानसभा उपचुनाव की तारीख नजदीक है। आदमपुर में तीन नवंबर को उपचुनाव होने हैं। इससे पहले, डेरा प्रमुख राम रहीम को जून में एक महीने की पैरोल पर रिहा किया गया था और फरवरी में उसकी तीन सप्ताह की फर्लो मंजूर की गई थी। इस दौरान राम रहीम बागपत स्थित डेरा सच्चा सौदा आश्रम में ठहरेगा।